2022 में फादर्स डे कब है? जानिए कब हुई इस दिन को मनाने की शुरुआत, क्या है इसका इतिहास और महत्व

भारत में फादर्स डे हर साल जून के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। साल 2022 में फादर्स डे 19 जून को है।

यह दिन पूरी तरह से सभी के पिता को समर्पित है। आपके पिता न केवल आपके पिता हैं, बल्कि वे एक आदर्श, मित्र, रक्षक, मार्गदर्शक और आपके हीरो भी हैं।

एक पिता अपने बच्चों को मां के जन्म देने के बाद एक नया जीवन जीना सिखाता है। पिता बच्चों को जीवन में सही इंसान बनने के नैतिक गुण और परिवार की जिम्मेदारियों को ठीक से निर्वहन करना सीखाते हैं। पिता हमें मुसीबतों से बचाते हैं और उनसे लड़ना भी सिखाते हैं।

सभी देश एक ही तारीख को फादर्स डे नहीं मनाते हैं। भारत, अमेरिका और कुछ अन्य देशों में, फादर्स डे जून के तीसरे रविवार (19 जून) को मनाया जाता है।

पुर्तगाल, स्पेन, क्रोएशिया और इटली समेत अन्य देशों ने 19 मार्च का दिन पिता को समर्पित किया है। जबकि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी और पापुआ न्यू गिनी में सितंबर के महीने में फादर्स डे मनाया जाता है।

इस दिन की शुरुआत शायद अमेरिका से हुई थी। इसकी शुरुआत कैसे हुई, इसकी कई कहानियां हैं। लेकिन आज हम आपको इसकी सबसे चर्चित कहानी बताने जा रहे हैं।

इसकी शुरुआत वाशिंगटन में सोनोरा लुईस स्मार्ट नाम की महिला ने की थी। सोनोरा ने छोटी उम्र में ही अपनी मां को खो दिया था। तब से सोनोरा के पिता ने पूरे परिवार की देखभाल की। उन्होंने पिता के साथ-साथ मां का भी फर्ज निभाया।

ऐसा माना जाता है कि पहला अनौपचारिक फादर्स डे 19 जून 1910 को मनाया गया था।