West Bengal: पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले के एक नर्सिंग होम में 24 वर्षीय नर्स का शव रहस्यमय परिस्थितियों में मिला। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि उसका शव सिंगूर स्थित नर्सिंग होम की तीसरी मंजिल के एक कमरे में छत से लटका मिला।
मृतक नर्स पूर्वी मेदिनीपुर ज़िले के नंदीग्राम की रहने वाली थी और उसने चार दिन पहले ही इस नर्सिंग होम में काम करना शुरू किया था। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हम आगे की कार्रवाई करेंगे।”
पीड़िता के परिवार द्वारा आरोप लगाया है कि नर्सिंग होम में चल रही अनियमितताओं का पर्दाफ़ाश करने की वजह से यौन उत्पीड़न किया गया व उसकी हत्या कर दी गई। परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
दूसरी ओर, नर्सिंग होम प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि नर्स ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। विपक्षी भाजपा और माकपा ने विरोध प्रदर्शन किया है और आरोप लगाया है कि यह हत्या का मामला है। वहीं, स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक और राज्य मंत्री बेचाराम मन्ना ने कहा है कि अगर पुलिस जाँच में किसी भी तरह की अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।